



नर्मदापुरम / स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा – घर घर तिरंगा” अभियान के तहत पं. रामलाल शर्मा शिक्षा महाविद्यालय में बुधवार को एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली को महाविद्यालय से शुरू हो कर शहर के विभिन्न रास्तों से होती हुई नर्मदा अस्पताल के सामने से होती हुई महाविद्यालय वापस पहुंची।
इस रैली में महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” एवं स्वतंत्रता से संबंधित देशभक्ति के नारे लगाकर पूरे परिसर को गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के महत्व के विभिन्न पक्षों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को देश सेवा और अनुशासन का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के *प्राचार्य डॉ. प्रिंस जैन सर* के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जागृत करना है। उन्होंने सभी से अपने घरों पर भी तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

