


नर्मदापुरम / हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय, सिवनी मालवा में इको क्लब इकाई के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में किया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण गतिविधि में सहभागिता की तथा पौधों की सुरक्षा, सिंचाई एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर छात्राओं को बताया गया कि वृक्ष केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे वायु की गुणवत्ता बनाए रखने, तापमान को नियंत्रित करने, जैव विविधता के संरक्षण तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों में उच्च शिक्षा संस्थानों में इको क्लब की देखरेख में पौधारोपण गतिविधियां आयोजित करने तथा छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की निरंतर देखभाल और उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ-साथ छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर एवं स्वच्छ पर्यावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्राध्यापक मिथुन बारिया, डॉ. रजनीकांत वर्मा, डॉ. सतीश बालापुरे इको क्लब इकाई की छात्राएं तथा समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

