


नर्मदापुरम / पवारखेड़ा / इंस्पायर पोदार लर्न स्कूल पवारखेड़ा में बुधवार को भव्य एवं गरिमामय इन्वेस्टीचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को विद्यालय के विभिन्न नेतृत्व पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। हेड बॉय, हेड गर्ल सहित विभिन्न मिनिस्टर्स का चयन कर उन्हें पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अनिरुद्ध शुक्ला, सेवानिवृत्त शासकीय प्राचार्य एवं विशिष्ट अतिथि संदीप सिंह भदौरिया, एक्स सर्विसमेन, इंडियन आर्मी रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती प्रतीक्षा दुबे, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर राजेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी श्रीमती किरण तोमर, स्पोर्ट्स एवं मिनिस्ट्री इन चार्ज रवि हरदुआ सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया था। अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अपने बच्चों के पद ग्रहण करने के इस विशेष अवसर का साक्षी बनकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन साक्षी पाथरिया एवं कनिष्का चौधरी ने किया। दोनों ने प्रभावशाली एंकरिंग के माध्यम से समारोह को गरिमामय एवं आकर्षक बनाए रखा।
नवनियुक्त विद्यार्थी पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने का संकल्प लिया। विद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। समारोह में नेतृत्व के साथ खेल भावना, टीमवर्क और अनुशासन के महत्व पर भी जोर दिया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रतीक्षा दुबे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने, दूसरों के लिए उदाहरण बनने और विद्यालय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का अवसर है।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता एवं खेल प्रतिभा को विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और विद्यार्थियों के लिए यह दिन एक यादगार अवसर बन गया।

