
नर्मदापुरम / हर घर तिरंगा अभियान एवं हरियाली अमावस्या के अवसर पर नर्मदा एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन द्वारा ग्राम देशमोहिनी में तिरंगा रैली एवं ग्राम आगरा कला में बीजारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ। प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे ने तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा लेकर “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा”, “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के उद्घोष किए। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात ग्राम आगरा कला में हरियाली अमावस्या के अवसर पर बीजारोपण एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं NSS स्वयंसेवकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, स्टाफ, विद्यार्थी एवं NSS स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

