
नर्मदापुरम / हरियाली अमावस्या के अवसर पर जिले के नर्मदा नदी सहित अन्य नदियों के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार हो रही वर्षा के चलते नर्मदा नदी एवं उसकी सहायक नदियों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसी स्थिति में घाटों पर स्नान के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदियों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और जलस्तर बढ़ा होने की स्थिति में संभव हो तो नदी में स्नान करने से बचें। श्रद्धालु निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा नदी के गहरे पानी की ओर न जाएं।
प्रशासन द्वारा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए होमगार्ड बल की निरंतर तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे मौके पर तैनात होमगार्ड जवानों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि आस्था के साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखें, सावधानी बरतें और स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

