
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बी. एस. धाकड़ एवं कमलेश एस. दियावार द्वारा नर्मदापुरम स्थित शिवम इंटरप्राइजेस का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर संगत घी एवं श्री कृष्णा घी के कुल 5 नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही जनहित एवं खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को दृष्टिगत रखते हुए 160 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसी क्रम में इटारसी स्थित गोविंदा स्टोर का भी निरीक्षण कर अनुज एवं मधुसूदन घी के नमूने जांच हेतु लिए गए। इस प्रकार विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

