

नर्मदापुरम / सावन के पावन महीने में नर्मदापुरम एक बार फिर शिवभक्ति में डूबने को तैयार है। महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में सोमवार 10 अगस्त को श्रद्धालुओं की भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त, युवा और मातृशक्ति शामिल होंगे।
यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे विवेकानंद घाट से होगा। श्रद्धालु मां नर्मदा का पवित्र जल कावड़ में लेकर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ पदयात्रा करेंगे। यात्रा नेहरू पार्क, सतरस्ता, इंदिरा चौक और फूलमाला चौराहा होते हुए काले महादेव मंदिर पहुंचेगी।
मंदिर पहुंचने पर मां नर्मदा के जल से भगवान भोलेनाथ का विशेष जलाभिषेक एवं महा रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन होगा। यात्रा को लेकर जल, चिकित्सा, सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आयोजन समिति से राजेंद्र धाकड़ ने बताया कि कावड़ यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश देना है। यात्रा संयोजक सागर संतोरे एवं दिलीप मांझी ने नगरवासियों और शिवभक्तों से परिवार सहित शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

