
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के संयुक्त सहयोग से प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के मार्गदर्शन में 26 जुलाई से 8 अगस्त तक कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस दौरान निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता, योग्यता-आधारित गतिविधियाँ, व्याख्यान, प्रदर्शनी तथा डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम श्रृंखला के अंतिम दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में छात्राओं को प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक संकल्प दिलाया गया। छात्राओं ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने, संविधान के प्रति सम्मान रखने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे, राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने, एनसीसी अधिकारी सुश्री मनीषा बाघमारे, राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी कु. काजल बाथरे, डॉ. हेमंत चैधरी, राहुल चैहान, डॉ. रफीक अली, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी सहित महाविद्यालय की छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में कारगिल युद्ध के वीर जवानों के शौर्य, साहस एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

