
नर्मदापुरम / नई दिल्ली राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान सांसद माया नारोलिया ने मध्य प्रदेश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शामिल इटारसी जंक्शन से जुड़ी एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकासात्मक समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार और रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इटारसी जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, लेकिन स्टेशन परिसर में स्थित पुराने रेल माल गोदाम के स्थानांतरण में हो रही देरी से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं, नए फुट ओवर ब्रिज, विशाल प्रतीक्षालय और बेहतर पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। इस मास्टर प्लान के तहत स्टेशन परिसर और सर्कुलेटिंग एरिया में मौजूद पुराने ढांचों को हटाने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में स्थित रेल माल गोदाम को भी नई जगह स्थानांतरित किया जाना प्रस्तावित था।
सांसद श्रीमती नारोलिया ने सदन में कहा कि प्रशासनिक शिथिलता के कारण अब तक माल गोदाम को उसके निर्धारित नए स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जा सका है। इसके चलते स्टेशन के आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म विस्तार और अन्य विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। साथ ही यात्रियों के आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
माया नारोलिया ने कहा कि जब तक पुराना रेल माल गोदाम पूरी तरह शिफ्ट नहीं होगा, तब तक अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रस्तावित प्रमुख विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिल सकेगी।
उन्होंने रेल मंत्री से मांग की कि व्यापक जनहित और रेलवे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए जाएं, ताकि इटारसी जंक्शन स्थित पुराने रेल माल गोदाम को जल्द से जल्द नई जगह स्थानांतरित किया जा सके।

