
सिवनी मालवा / महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना सिवनी मालवा द्वारा महिला सशक्तिकरण वुमन एंपावरमेंट हब के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में मंगलवार 5 अगस्त 2026 को “एक पेड़ बेटी के नाम” अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 6, केंद्र क्रमांक 3 में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर 5-5 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में नर्मदापुरम की सहायक संचालक श्रीमती अर्चना पचौरी ने अमरूद का पौधा लगाया। प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती सुचित्रा राजावत ने आंवला का पौधा, वार्ड पार्षद प्रशांत यादव ने आम का पौधा एवं शिक्षक दीपक गोंड ने बेल का पौधा लगाया।
इस अवसर पर सहायक संचालक श्रीमती अर्चना पचौरी ने उपस्थित महिलाओं एवं बेटियों से आग्रह किया कि जो भी पेड़-पौधे लगाए गए हैं उनकी सुरक्षा की जाए। समय-समय पर मिट्टी-पानी डालते रहें ताकि पौधे जीवित रहें और बड़ा पेड़ बन सकें।
कार्यक्रम में वार्ड की महिलाएं, बेटियां, महिला एवं बाल विकास पर्यवेक्षक आसमा खान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा कौशल एवं आंगनबाड़ी सहायिका अनीता नागवंशी उपस्थित रहीं।
महिला सशक्तिकरण हब द्वारा इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बेटियों के महत्व को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

