
नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल के कक्षा 9 वीं के मेधावी छात्र प्रणद कावरे का चयन विश्व के प्रतिष्ठित शैक्षणिक आयोजनों में से एक हार्वर्ड मॉडल यूनाइटेड नेशंस (HMUN) इंडिया के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे नर्मदापुरम जिले के लिए गर्व का विषय है।
प्रणद ने बताया कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) में अपने प्रथम अनुभव ने उनके भीतर वैश्विक मुद्दों, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति एवं नेतृत्व कौशल के प्रति गहरी रुचि विकसित की। इसी प्रेरणा ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय की वैश्विक प्रतिष्ठा और उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा से प्रेरित होकर HMUN इंडिया के लिए आवेदन किया।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत उन्हें अपनी रुचियों, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा भविष्य के लक्ष्यों से संबंधित विषयों पर निबंध प्रस्तुत करने थे। आवेदन के लगभग एक सप्ताह बाद उन्हें चयन की सूचना प्राप्त हुई। इस सफलता से उत्साहित प्रणद वर्तमान में सम्मेलन की तैयारियों में पूरी लगन और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय द्वारा मिले सतत मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया।
प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने प्रणद को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आलोचनात्मक चिंतन, प्रभावी संवाद, शोध कौशल एवं वैश्विक दृष्टिकोण का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रणद सम्मेलन में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय, नर्मदापुरम एवं मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
शाला के संचालक डॉ. आशीष चटर्जी, संचालक सुभाशीष चटर्जी, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने प्रणद कावरे को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

