

नर्मदापुरम / विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ के बेहतर स्वास्थ्य और नेत्र सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में दिनांक 04/08/2026 को निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर सेवा सदन आई हॉस्पिटल, भोपाल के सहयोग से आयोजित किया गया। जिसमें विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यार्थियों तथा स्टाफ के नेत्रों की विस्तृत जाँच की।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों की दृष्टि क्षमता, आँखों की सामान्य समस्याओं तथा नेत्र स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। जिन विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में किसी प्रकार की दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई, उन्हें आवश्यक परामर्श एवं आगे के उपचार हेतु उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
निदेशक सुभाशीष चटर्जी ने बताया कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल, कंप्यूटर एवं अन्य स्क्रीन के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों में आँखों से जुड़ी समस्याएँ तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में हमार विद्यालय समय-समय पर नेत्र परीक्षण आवश्यक रूप से आयोजित करता है, जिससे समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका उपचार/ समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने कहा कि “स्वस्थ आँखें ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उत्तम दृष्टि से बच्चों की सीखने की क्षमता, आत्मविश्वास और शैक्षणिक प्रदर्शन में सकारात्मक परिणाम आता है। विद्यालय विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य को भी समान महत्व देता है।”
विद्यालय प्रबंधन ने सेवा सदन आई हॉस्पिटल, भोपाल एवं चिकित्सक दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।

