

नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था के तत्वावधान में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन 12 अगस्त (बुधवार) प्रातः 10:00 बजे ग्राम मिसरोद में किया जाएगा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ रामकिशन भंडारी गार्डन मिसरोद से होगा। यात्रा ग्राम के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः भंडारी गार्डन में सम्पन्न होगी। यात्रा में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत आकर्षक झांकियां, राष्ट्रभक्ति के गीत एवं जनसहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश गौर एवं जनपद सदस्य मदन मोहन गुबरेले की विशिष्ट उपस्थिति रही। बैठक में यात्रा को सफल बनाने के लिए ग्राम मिसरोद के समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालयों के सहयोग पर चर्चा की गई। विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति देने का निर्णय लिया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं आसपास के ग्रामों के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में सहभागिता करने की अपील की गई। बैठक में सरपंच प्रतिनिधि कमल चौधरी, शासकीय विद्यालय मिसरोद से शिक्षक हेमंत गौर एवं डी.आर. सुनानिया, वंदे मातरम् विद्यालय से तेजराम गौर, नितिन साईं विद्यालय से नवीन गौर, उपसरपंच सुनील गौर, चंदू रघुवंशी तथा प्रस्फुटन समितियों से मनोज गौर, मुकेश गौर, श्रवण निमोदा, राम भरोसे कीर, हरिओम गौर, टीकाराम गौर, नर्मदा प्रसाद गौर, अभिलाष बनवारी, प्रवीण गौर सहित परामर्शदाता राकेश मालवीय एवं प्रस्फुटन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आनंद कुमार नामदेव ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।

