
नर्मदापुरम / विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल, नर्मदापुरम नगर समिति एवं वार्ड क्रमांक 30 के स्थायी निवासियों द्वारा वार्ड क्रमांक 30, श्रीनिवास कॉलोनी (ग्वालटोली) स्थित लगभग 300 वर्ष प्राचीन वीजा सेन माताजी मंदिर की सुरक्षा एवं निष्पक्ष सीमांकन की मांग को लेकर जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका द्वारा मंदिर को तोड़े जाने संबंधी नोटिस जारी किया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों एवं समस्त हिंदू समाज में गहरा आक्रोश एवं चिंता व्याप्त है। यह मंदिर लगभग 300 वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा इसका ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया गया कि मंदिर के आसपास अनेक स्थानों पर अतिक्रमण मौजूद है। पूर्व में भी नगर पालिका को पूरे क्षेत्र का निष्पक्ष सीमांकन एवं नाप-तौल कराने हेतु आवेदन दिया जा चुका है, किंतु आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसी स्थिति में केवल मंदिर पर कार्रवाई करना उचित नहीं होगा।
विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल, नर्मदापुरम नगर समिति एवं वार्ड क्रमांक 30 के स्थायी निवासियों ने मांग की कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पूर्व संपूर्ण क्षेत्र का निष्पक्ष सीमांकन कराया जाए, वास्तविक अतिक्रमण की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा लगभग 300 वर्ष प्राचीन वीजा सेन माताजी मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि बिना निष्पक्ष जांच एवं सीमांकन के मंदिर को तोड़ने की कार्रवाई की जाती है, तो विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल, नर्मदापुरम नगर समिति एवं समस्त हिंदू समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

