

नर्मदापुरम / बुधनी / सावन के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल नर्मदापुरम नगर समिति, जिला समिति एवं बुधनी जिले के कार्यकर्ताओं के संयुक्त तत्वावधान में बुधनी के घने जंगलों एवं ऊँची पर्वत चोटी पर विराजमान परम पूज्य बाबा मिर्गनाथ महादेव के पावन धाम में विशाल श्रद्धा एवं उत्साह के साथ जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक का आयोजन संपन्न हुआ।
प्रातः से ही बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता तथा शिवभक्त “हर-हर महादेव” और “जय श्री राम” के जयघोष के साथ बाबा मिर्गनाथ धाम के लिए रवाना हुए। दुर्गम वन मार्ग और कठिन पर्वतीय चढ़ाई को पार करते हुए सभी श्रद्धालु बाबा मिर्गनाथ के चरणों में पहुँचे तथा विधि-विधान से जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से प्रदेश में भरपूर वर्षा, सुख-समृद्धि, अन्न-धन की वृद्धि, गौ-रक्षा, राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण एवं समस्त सृष्टि के मंगल की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित संतजनों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन संस्कृति में प्रकृति और परमात्मा का अटूट संबंध है। सावन मास में भगवान शिव की आराधना केवल धार्मिक आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा, संस्कार और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने का भी माध्यम है।
इस आयोजन में विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल नर्मदापुरम नगर समिति, जिला समिति तथा बुधनी जिले के कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्ण अनुशासन, श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
अंत में भगवान बाबा मिर्गनाथ महादेव की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित सभी शिवभक्तों ने संकल्प लिया कि वे सनातन संस्कृति, धर्म एवं गौ-रक्षा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेंगे तथा समाजहित एवं राष्ट्रहित के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

