
नर्मदापुरम / भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति एवं समस्त यादव (ग्वाल) समाज, ग्वालटोली द्वारा इस वर्ष भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन के तहत भजन संध्या, वासुदेव शोभायात्रा, मध्यरात्रि जन्मोत्सव, दही लीला एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
समिति के अनुसार 4 सितंबर (शुक्रवार) को रात्रि 8 बजे से काली मंदिर, ग्वालटोली में श्रीकृष्ण भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके बाद रात्रि 10 बजे से मथुरा नगरी (चौधरी मोहल्ला), ग्वालटोली से भगवान श्रीकृष्ण वासुदेव की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होकर गोकुल नगरी (काली मंदिर), ग्वालटोली पहुंचेगी। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें जन्म आरती, पूजन एवं प्रसाद वितरण होगा।
5 सितंबर (शनिवार) को प्रातः 8 बजे काली मंदिर परिसर में पारंपरिक दही लीला का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 10 बजे से काली मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने का आग्रह किया है। यह आयोजन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति, नर्मदापुरम के तत्वावधान में तथा समस्त यादव (ग्वाल) समाज, ग्वालटोली के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

