
नर्मदापुरम / साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम किये जा रहे है उसके बावजूद भी जिले में साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रतिदिन साइबर ठगो के द्वारा लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी की जा रही है । साइबर फ्रॉड के पुराने मामले अभी निपटे भी नहीं थे कि नित्य नए मामलों ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। अभी हाल में ही कोतवाली थाना अंतर्गत नर्मदा बिहार कालोनी निवासी हेमंत नारायण के खाते से क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति ने 68,842 रुपए उड़ा दिए। जिस पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। वही पथरौटा थाना अंतर्गत आयुध निर्माणी इटारसी निवासी कृष्ण कुमार कनोजिया के खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने क्यू आर कोड के माध्यम से 1,25,148 रुपये ट्रांसफर कर लिए। जिस पर पथरौटा थाना पुलिस ने फरियादी कृष्ण कुमार कनोजिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया। इसके अलावा देहात थाना अंतर्गत हरदा बायपास रोड पर स्थित विनायक रेसीडेंसी निवासी प्रमोद त्रिपाठी के बैंक अकाउंट से किसी अज्ञात आरोपी ने पर्सनल लोन का बोलकर फाइल चार्ज के नाम पर अलग अलग तारीखों में 1,07,435 रूपये जमा कराकर वित्तीय धोखाधड़ी कर डाली। इस मामले में देहात थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

