
नर्मदापुरम / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार कृषि उत्पादन आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) के.सी. गुप्ता ने सोमवार को नर्मदापुरम जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था के लिए संचालित ई-विकास पोर्टल की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं मार्कफेड के डबल लॉक गोदामों का निरीक्षण कर पोर्टल के माध्यम से टोकन जनरेशन, उर्वरक आवंटन तथा वितरण प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता ने नर्मदापुरम के कोठी बाजार स्थित सीएससी सेंटर, सेवा सहकारी समिति सांवलखेड़ा, सीएससी डोलरिया तथा बानापुरा कृषि उपज मंडी स्थित मार्कफेड के डबल लॉक गोदाम का भ्रमण किया। उन्होंने किसानों के लिए टोकन पर्ची जारी करने की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया तथा खाद वितरण के दौरान आने वाली तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का मौके पर परीक्षण किया। इस दौरान ई-विकास पोर्टल के तकनीकी विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पोर्टल के संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने किसानों को पोर्टल की कार्यप्रणाली और तकनीकी विशेषताओं से अवगत कराते हुए कहा कि ई-विकास पोर्टल का उद्देश्य उर्वरकों का पारदर्शी, व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करना है। पोर्टल में ऐसी व्यवस्था विकसित की गई है जिससे बिचौलियों एवं उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और वास्तविक किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो। उन्होंने बताया कि ई-विकास पोर्टल को और अधिक प्रभावी एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से किसान संगठनों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। साथ ही, फील्ड स्तर पर पोर्टल के संचालन का निरीक्षण कर किसानों को आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम सहित तीनों संभागीय जिलों में किसान संगठनों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे, जिनका संकलन कर शासन स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आवश्यक संशोधनों के माध्यम से पोर्टल को और अधिक सरल, सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक मार्कफेड अभिजीत अग्रवाल, महाप्रबंधक अपेक्स बैंक के.टी. साजियान, नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

