

नर्मदापुरम / जिले में यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने और निजी वाहनों पर विशेषाधिकार के अनधिकृत प्रदर्शन पर रोक लगाने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक संचालित इस अभियान के दूसरे दिन भी जिले के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई।
दूसरे दिन की कार्रवाई में 180 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए ₹82,400 का समन शुल्क वसूला गया। अभियान के पहले दो दिनों में कुल 375 वाहनों पर कार्रवाई कर ₹1,64,200 का जुर्माना वसूला जा चुका है।
जांच के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से निजी वाहनों में लगाए गए अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, सरकारी एवं VIP स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म की जांच की। इस दौरान ब्लैक फिल्म लगे 36 वाहनों तथा गलत नंबर प्लेट, अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने एवं HSRP नंबर प्लेट से संबंधित 78 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई। अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करना, यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित बनाना तथा कानून के समक्ष सभी नागरिकों के लिए समानता सुनिश्चित करना है।
नर्मदापुरम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP अथवा शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 10 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना किसी भेदभाव के वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी !

