

नर्मदापुरम / विश्व प्रसिद्ध सेठानी घाट पर रविवार को श्री जटाशंकर कावड़ यात्रा समिति द्वारा मां नर्मदा को 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर सैकड़ों कावड़ियों एवं शहरवासियों की उपस्थिति में मां नर्मदा की आराधना की गई तथा शाम को भव्य दीपदान का आयोजन भी किया गया।
कावड़ यात्रा समिति की अध्यक्ष सुश्री राजो मालवीय के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा अपने 24वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।
समिति के मीडिया प्रभारी राजेंद्र मालवीय ने बताया कि मां नर्मदा को 1100 मीटर की चुनरी अर्पित करने के पश्चात शाम को सभी कावड़ियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दीपदान किया। उन्होंने बताया कि आज 3 अगस्त सोमवार को सुबह 9:00 बजे मां नर्मदा का जल अभिषेक करने के बाद श्री जटाशंकर कावड़ यात्रा सेठानी घाट से पचमढ़ी स्थित भगवान जटाशंकर महादेव के लिए रवाना होगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कावड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ एवं मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

