
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर जारी मूंग उपार्जन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पूर्व वर्षों में भंडारित मूंग के अवैध रूप से उपार्जन केंद्रों पर विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष दलों द्वारा मंडियों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीएम सिवनी मालवा श्री विजय राय द्वारा विकासखंड स्तर पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के नेतृत्व में विशेष दलों का गठन किया गया है। इन दलों को मूंग उपार्जन प्रक्रिया के प्रभावी प्रबंधन, नियंत्रण एवं सतत मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर के निर्देशों के अनुपालन में गठित दलों द्वारा कृषि उपज मंडी परिसर एवं विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उपलब्ध मूंग के स्टॉक का नियमित भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंडी से अनुज्ञा पत्रों के माध्यम से माल की निकासी का सत्यापन किया जा रहा है, वहीं आकस्मिक रूप से बाहर जाने वाले माल की भी सूक्ष्मता से जांच एवं समीक्षा की जा रही है।

