
नर्मदापुरम / मालाखेड़ी स्थित गोल्डन वेलफेयर सोसायटी द्वारा रविवार प्रातः कॉलोनी परिसर में स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। सोसायटी के सक्रिय सदस्य प्रतीक पाठक ने बताया कि अभियान में सोसायटी के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और पार्कों की सफाई की। इस दौरान कचरा एकत्र कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी रहवासियों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास गंदगी न फैलाने की अपील की। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर चलाने का संकल्प लिया गया।

