
नर्मदापुरम / शहर में वक्फ अंजुमन मुफीदुल इस्लाम कमेटी के गठन के नए प्रस्ताव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों की निष्पक्षता तथा उनकी पृष्ठभूमि पर गंभीर सवाल उठाते हुए मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड, भोपाल में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। बोर्ड ने इस शिकायत को आवक क्रमांक 753 पर दर्ज कर लिया है। शिकायत में बताया कि नियमों को ताक पर रखा है।
शिकायतकर्ताओं का मुख्य आरोप है कि कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित अलीम राईन पिता इलाही बक्स का वक्फ संपत्तियों के साथ सीधा हितों का टकराव है।
20 वर्षों से काबिज हैं किराएदार….
शिकायत में उल्लेख है कि प्रस्तावित अध्यक्ष अलीम राईन, उनके भाई और अन्य सगे-संबंधी पिछले लगभग 20 वर्षों से वक्फ अंजुमन मुफीदुल इस्लाम की व्यावसायिक संपत्तियों (दुकानों) पर बतौर किराएदार काबिज हैं। अतिक्रमण के गंभीर आरोप पत्र में आरोप लगाया गया है कि प्रस्तावित अध्यक्ष और उनके परिवार ने वक्फ की अन्य कई कीमती संपत्तियों पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है, जिसे खाली कराने का प्रयास करने के बजाय उन्हें ही प्रबंधन की कमान सौंपी जा रही है।
इनका कहना है….
इस मामले में पूरे नियम के अनुसार ही अध्यक्ष पद की नियुक्ति की जाएगी। वक्फ बोर्ड की जमीन पर कोई किरायेदार हैं, ऐसे लोगों को नियुक्ति नहीं दी जाएगी। नियम का पालन किया जाएगा।
सनव्वर पटेल,
अध्यक्ष, मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड।

