
नर्मदापुरम / सीहोर / जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, गंभीर अपराधों की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं निर्देश…..
गंभीर एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा….
इस अपराध समीक्षा बैठक में वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 में घटित हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, गृहभेदन एवं चोरी जैसे गंभीर अपराधों की थानावार विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने संपत्ति संबंधी अपराधों में चोरी गई संपत्ति की बरामदगी का प्रतिशत बढ़ाने और अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष बल (ITSSO पोर्टल)….
महिला एवं अनुसूचित जाति/जनजाति के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पॉक्सो एक्ट एवं बलात्कार से संबंधित मामलों में 60 दिवस की समय-सीमा के भीतर विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में चालान पेश करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ITSSO पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की स्थिति एवं उनकी प्रगति पर चर्चा कर निराकरण के निर्देश दिए गए।
असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही….
जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, जिला बदर, एनएसए (NSA) तथा आबकारी, आर्म्स एक्ट, सट्टा, जुआ एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्यवाहियों की समीक्षा कर अवैध गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए ।
डिजिटल तकनीकी पोर्टलों का प्रभावी उपयोग….
बैठक के दौरान CCTNS पोर्टल पर चार्जशीट अपलोडिंग, ई-रक्षक ऐप के माध्यम से समंस-वारंट तामीली, ई साक्ष्य, ई विवेचना तथा NDSO, निदान, ICJS एवं NAFIS जैसे राष्ट्रीय पोर्टलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
ई-एफआईआर, ई-जीरो एफआईआर एवं जीरो एफआईआर के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए ।
शिकायतों का त्वरित निवारण….
सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लंबित मर्ग, चालान एवं विभागीय जांचों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया गया कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाएगी।
रात में गश्त बढ़ाने एवं वारंटियों की धरपकड़ के निर्देश….
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ में तेजी लाने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
आगामी त्यौहार पर कानून व्यवस्था…..
संवेदनशील स्थान निर्धारण, शांति समिति बैठकें, CCTV व ड्रोन निगरानी, सोशल मीडिया व अफवाह मॉनिटरिंग, यातायात डायवर्जन व फ्लैग मार्च व मॉक ड्रिल इत्यादि कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थिति….
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ. प्रशांत चौबे, जिले के समस्त एसडीओपी/सीएसपी, रक्षित निरीक्षक सीहोर, समस्त थाना प्रभारीगण, प्रभारी यातायात सीहोर एवं एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

