
नर्मदापुरम / शहर के नर्मदा महाविद्यालय (एनएमवी) के सामने शनिवार को नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर की गई कार्रवाई के बाद छोटे फल एवं सब्जी विक्रेताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और नगर पालिका अमले ने कई ठेले हटाए, अस्थायी ढांचे तोड़े और बड़ी मात्रा में फल जब्त किए। इस कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों ने अपनी आजीविका छिनने का आरोप लगाया है।
‘पहले रोजगार का विकल्प दें, फिर कार्रवाई करें’…..
प्रभावित व्यापारियों का कहना है कि वे वर्षों से इसी स्थान पर ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। नगर पालिका ने उन्हें स्थायी वेंडर ज़ोन उपलब्ध कराए बिना सीधे कार्रवाई कर दी, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
जब्त फलों के वितरण पर भी उठे सवाल……
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए फलों को बाद में जिला अस्पताल में वितरित किया गया। इसको लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि सामान जब्त किया गया था तो नियमानुसार उसकी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी। वहीं, नगर पालिका की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
बड़े अतिक्रमणों पर नरमी, छोटे व्यापारियों पर सख्ती ?…..
कार्रवाई के बाद कई स्थानीय नागरिकों ने भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि शहर में कई स्थानों पर स्थायी और बड़े अतिक्रमण वर्षों से बने हुए हैं, लेकिन कार्रवाई अक्सर छोटे ठेला एवं रेहड़ी संचालकों पर ही होती है। लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में समानता और पारदर्शिता की मांग की है।
वेंडर ज़ोन की मांग फिर हुई तेज…..
व्यापारियों का कहना है कि यदि नगर पालिका शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाना चाहती है, तो सबसे पहले रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए हॉकिंग या वेंडर ज़ोन विकसित किया जाए। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए कार्रवाई करना गरीब परिवारों के जीवनयापन पर सीधा प्रहार है।
स्थानीय लोगों में नाराजगी……
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, लेकिन प्रभावित व्यापारियों का आरोप है कि किसी ने भी उनके पुनर्वास या नुकसान की भरपाई पर चर्चा नहीं की। इससे छोटे व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में असंतोष व्याप्त है।
व्यापारियों की मांग……
प्रभावित व्यापारियों ने मांग की है कि जब्त सामान की नियमानुसार समीक्षा की जाए, नुकसान का आकलन कर उचित राहत दी जाए तथा नर्मदा महाविद्यालय क्षेत्र में शीघ्र वेंडर ज़ोन विकसित कर उन्हें सम्मानपूर्वक रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाए।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव का कहना है िक मैं बाहर थी आपके द्वारा मामला संज्ञान में आया है। अतिक्रमण हटाया गया है। परंतु फल फ्रूट का ठेला लगाते उन्हे पहले भी जानकारी दे दी गई थी फिर भी वे नहीं मान रहे हैं। इसलिए कार्रवाई हुई। फल फ्रूट को अस्पताल में बांटा गया है उसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।
नीतू यादव, नगर पालिका अध्यक्ष नर्मदापुरम।

