


नर्मदापुरम / द चैम्प्स फन स्कूल के रामायण हॉल में विद्यालय पच्चीस वर्ष के कार्यक्रम में आज सिल्वर जुबली ईयर सेलिब्रेशन का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, वार्ड 18 की पार्षद श्रीमती मीना वर्मा, संज्ञा शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री पी.के चटर्जी, निदेशक श्रीमती प्रणोति चटर्जी, स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी, डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी, प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी रहे। इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल श्रीमती काकोली रॉय चौहान, स्कूल कोऑर्डिनेटर श्रीमती रीना मालवीय, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर श्रीमती स्नेहा शर्मा एवं एडमिन ऑफिसर श्रीमती विनीता जैसलानी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा, “बच्चों का सर्वांगीण विकास ही हमारी प्राथमिकता है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता ही हमारे विद्यालय की पहचान है।” उन्होंने विद्यालय के सिल्वर जुबली ईयर के शुभारंभ पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करता रहेगा।
मुख्य अतिथि श्रीमती नीतू यादव एवं श्रीमती मीना वर्मा ने विद्यालय परिवार को सिल्वर जुबली ईयर की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि द चैम्प्स फन स्कूल बच्चों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट संस्कार, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का भी श्रेष्ठ प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। अतिथियों ने विद्यालय की निरंतर प्रगति की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, शास्त्रीय नृत्य, पर्यावरण गीत, यू.के.जी. एवं कक्षा द्वितीय के मनमोहक नृत्य, प्रेरक भाषण, पर्यावरण विषय पर आधारित लघु नाटिका तथा आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चे पृथ्वी, बादल, इंद्रधनुष, जंगल, वृक्ष, फूल एवं प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों में मंच पर आए और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
पर्यावरण विषय पर आधारित स्किट एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्लास्टिक का उपयोग न करने, जल संरक्षण करने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संदेश दिया। बच्चों ने सामूहिक रूप से प्रकृति की रक्षा करने का संकल्प भी लिया, जिसे उपस्थित सभी अतिथियों ने सराहा।
इस अवसर पर आज स्कूल मैदान के सिंथेटिक टर्फ का उद्घाटन किया गया। यह टर्फ बच्चों के शारीरिक विकास हेतु आदर्श मैदान के रूप में जिले का पहला टर्फ है।
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन श्रीमती स्नेहा राजपूत एवं विद्यार्थियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती शिल्पा गौर एवं सुश्री मनीषा तोमर रहीं, जिनके कुशल मार्गदर्शन में संपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में साठ वर्ष की शिक्षा यात्रा हेतु अध्यक्ष श्री पी के चटर्जी का एवं पच्चीस वर्ष के शिक्षा सेवा हेतु निदेशक श्रीमती प्रोनोती चटर्जी का सम्मान शाल श्रीफल से किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। द चैम्प्स फन स्कूल के सिल्वर जुबली ईयर सेलिब्रेशन ने विद्यालय की गौरवपूर्ण यात्रा के 25वें वर्ष की शानदार शुरुआत करते हुए शिक्षा, संस्कार एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश समाज तक पहुँचाया।

