

नर्मदापुरम / स्वर्गीय मोहम्मद रफ़ी साहब की पुण्यतिथि के अवसर पर आलाप संगीत विद्यालय में एक भावपूर्ण एवं सुरमयी संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। “दिल का सूना साज़” कार्यक्रम में रफ़ी साहब के अमर गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को संगीत के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं नर्मदापुर युवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल तथा आलाप संगीत विद्यालय के संचालक डॉ. कमल झा ने स्वर्गीय मोहम्मद रफ़ी साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उपस्थित सभी संगीत प्रेमियों ने रफ़ी साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की प्रथम प्रस्तुति चंद्रप्रभा नामदेव ने लोकप्रिय गीत “आया रे खिलौने वाला, खेल खिलौने लेके आया रे” प्रस्तुत कर दी। इसके पश्चात हेमंत साहू, रत्नेश शर्मा, रेखा नितिन, संगीता चौहान, देवेंद्र चौहान, शाहिद खान, राखी रोहर, माधवी दुबे, मनीष दुबे, मोनल, रामसेवक तथा आलाप संगीत विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की। शहर एवं आसपास से आए गायकों ने भी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन माधवी दुबे ने किया।
इस अवसर पर मनीष परदेशी, रुपेश राजपूत, दीपक हेमनानी, नर्मदापुर युवा मंडल के सदस्य, आलाप संगीत विद्यालय परिवार तथा सुरीला नर्मदापुरम परिवार के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. कमल झा ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं उपस्थित संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महान कलाकारों की स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

