
नर्मदापुरम / नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, नर्मदापुरम में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्ष संरक्षण शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा विभाग के प्राध्यापक रवि शंकर मिश्रा द्वारा महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारियों को वृक्ष संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की शपथ दिलाई गई। सभी ने प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए सदैव प्रयासरत रहने, प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी देखभाल करने, अनावश्यक वृक्षों की कटाई का विरोध करने तथा समाज में वृक्षों के महत्व के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। साथ ही जल, वायु एवं भूमि को प्रदूषण से बचाने तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ भी ली।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे ने कहा कि, “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना साकार किया जा सकता है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने तथा वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

