
नर्मदापुरम / राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने नारायण नगर निवासी श्रीमती सुनीता कहार को स्वरोजगार एवं आजीविका के लिए सिलाई मशीन प्रदान की। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व सुनीता कहार ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में सांसद श्रीमती माया नारोलिया से भेंट कर रोजगार का कोई साधन नहीं होने की जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए सहायता का आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदिका की परिस्थितियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। वर्तमान में संसद सत्र के चलते सांसद की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि श्री विकास नारोलिया ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा की उपस्थिति में सुनीता कहार को सिलाई मशीन भेंट की।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि विकास नारोलिया ने कहा कि सिलाई मशीन के माध्यम से सुनीता कहार आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आजीविका में सहयोग कर सकेंगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पहल न केवल उनके आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनेगी, बल्कि उन्हें सम्मानजनक रोजगार प्राप्त करने की दिशा में भी नई प्रेरणा देगी।

