

नर्मदापुरम / शासन एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार दूध एवं दुग्ध उत्पादों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने नर्मदापुरम शहर की दो डेयरियों में औचक निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार एवं भोजराज सिंह धाकड़ की टीम ने चौहान डेयरी और जय भोले डेयरी, नर्मदापुरम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर टीम ने दूध, दही, पनीर, छाछ और घी के कुल 08 नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

