



नर्मदापुरम / बानापुरा / जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल, बानापुरा में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण पणिकर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने “गुरु महिमा” विषय पर प्रभावशाली तत्कालिक भाषण प्रस्तुत कर गुरु के महत्व को रेखांकित किया।
कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों ने “गुरु महिमा” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों को सुंदर शब्दों में व्यक्त किया।
कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने गुरु महिमा विषय पर आकर्षक चित्रकला प्रस्तुत कर भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को रंगों के माध्यम से जीवंत किया।
कक्षा 1वीं से 7वीं तक के विद्यार्थियों ने वैदिक काल से आधुनिक काल तक गुरु-शिष्य संबंध पर आधारित प्रेरणादायक नाट्य प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से शिक्षक एवं विद्यार्थी के आदर्श संबंध, संस्कार, अनुशासन तथा शिक्षा के महत्व का प्रभावशाली चित्रण किया गया।
वहीं नर्सरी से के.जी.-II तक के नन्हे विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरण पूजन कर गुरु एवं अभिभावकों के प्रति सम्मान, श्रद्धा एवं कृतज्ञता का भाव व्यक्त किया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अभिभावकों और अतिथियों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा तथा नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन विद्यालय में ज्ञान, संस्कार और सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

