

नर्मदापुरम / समेरिटन्स ग्रुप के सभी स्कूलों में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। समूह की मुख्य शाखा मालाखेड़ी स्थित सांदीपनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिवार द्वारा संस्था निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार शर्मा का श्रीफल व शॉल भेंटकर सम्मान किया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती और महर्षि वेद व्यास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व वंदना के साथ हुई। संस्था निदेशक डॉ शर्मा ने उपस्थित सभी शिक्षकों का तिलक लगाकर, पुष्पहार पहनाकर और उपहार देकर सम्मान किया। डा शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है, जो अंधेरे से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित सुंदर गीत, कविताएं भी प्रस्तुत की गई कार्यक्रम का संचालन नीलम तिवारी ने किया। कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती प्रेरणा रावत, शिखा खंपरिया, विक्रांत खंपरिया, कॉर्डिनेटर आर.के.सिंह आदि उपस्थित रहे।
अन्य शाखाओं में भी हुआ उत्सव…..
इस अवसर पर समूह के माता महाकाली परिसर जुमेराती, आंजनेय परिसर माखननगर, शीतला माता परिसर सोहागपुर, ज्ञान विज्ञान परिसर पिपरिया, सरस्वती परिसर इटारसी, श्रीराम परिसर सिवनी मालवा, विजयासन परिसर बायां में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर बच्चों ने गुरुजनों का सम्मान किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

