
सिवनी मालवा / पर्यावरण संरक्षण को लेकर एसडीएम विजय राय द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नगर पालिका द्वारा उनका पालन नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। नगर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उईके ने एसडीएम के आदेशों की अनदेखी की है। इस संबंध में नगर कांग्रेस ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि 30 जून 2026 को नगर कांग्रेस ने जनसुनवाई में पेड़ कटाई की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम विजय राय ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था तथा 20 फलदार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए थे।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा एवं पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने मौका स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने पाया कि एसडीएम के आदेश के कई दिन बाद भी आदेश स्थल पर एक भी छायादार अथवा फलदार वृक्ष नहीं लगाया गया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “एसडीएम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से दिए गए आदेशों का पालन नहीं किया जाना गंभीर विषय है। यह आदेश जनहित और पर्यावरण हित में दिए गए थे, लेकिन नगर पालिका ने इन्हें गंभीरता से नहीं लिया।
पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने कहा कि “यदि वरिष्ठ अधिकारी द्वारा स्पष्ट आदेश दिए जाने के बाद भी संबंधित अधिकारी लापरवाही बरतते हैं, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एसडीएम के निर्देशों का तत्काल पालन करना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारी के आदेशों की अनदेखी करना प्रशासन की छवि को भी धूमिल करता है। कानून और प्रशासनिक आदेश सभी के लिए बराबर हैं, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए उनकी अनदेखी नहीं करना चाहिए।
वहीं एसडीएम विजय राय ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति पेड़ों की कटाई करने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुदेश शर्मा और दीपक दीक्षित ने मांग की है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा एसडीएम के पूर्व आदेशों का तत्काल पालन सुनिश्चित किया जाए तथा यदि लापरवाही जारी रहती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

