नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में 26 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रमों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 26 जुलाई 2026 को कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी ने उनके अदम्य साहस, शौर्य, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए दिनांक 27 जुलाई 2026 को महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा छात्राओं द्वारा देशभक्ति के प्रेरणादायी नारों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक विजय का स्मरण नहीं, बल्कि हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डाॅ. भारती दुबे, डाॅ. पुष्पा दुबे, डाॅ. रश्मि श्रीवास्तव, डाॅ. पी.आर. मानकर, डाॅ. विनीत अग्रवाल, डाॅ. आर.बी. शाह, डाॅ. सी.एस. राज, डाॅ. धर्मेंद्र सिंह, श्री प्रेमकांत कटंगकार, सुश्री रक्षा बरकडे, राष्ट्रीय कैडेट कोर अधिकारी मनीषा बाघमारे एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। महाविद्यालयीन स्टाफ, कर्मचारी तथा छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

