
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में संचालित होने वाले समरसता संकल्प अभियान को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश मंत्री राजो मालवीय ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन समाज के लिए प्रेरणादायी है। उनके जीवन का प्रत्येक क्षण समरसता, समानता और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। संत रविदास जी की कलश यात्रा के जिले में प्रवेश करने पर भाजपा कार्यकर्ता भव्य स्वागत एवं सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी किसी एक समाज के नहीं, बल्कि सम्पूर्ण हिन्दू समाज के संत थे। आगामी आठ माह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे जिले में समरसता संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और श्रम की गरिमा का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक मुकेश चंद्र मैना ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान समरसता संवाद, परिचयात्मक बैठकें, संत रविदास जी के विचारों पर आधारित संगोष्ठियां तथा विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवानिवृत्त डीएसपी अभय चौधरी ने संत रविदास जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्श वर्तमान समय में भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश खंडेलवाल, वरिष्ठ पूर्व जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, जिला महामंत्री ज्योति चौरे, जिला सहसंयोजक ममता नागवंशी, संत रविदास मंदिर के सेवादार रेवती प्रसाद अहिरवार, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, नीना नागपाल, अ.जा. मोर्चा जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी, सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अभियान जिला सह संयोजक ममता नागवंशी ने किया एवं आभार नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने माना। इस दौरान लोकेश तिवारी, जितेन्द्र चौहान, प्रांशु राणे, प्रशांत दीक्षित, अमित माहला, राहुल पटवा, दीपक महालहा, केशव उर्मिल, चरणजीत सिंह, रूपेश राजपूत, मनीष चतुर्वेदी, सहित अनुसूचित जाति मोर्चा एवं भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

