
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / स्थानीय सामाजिक मांगलिक भवन में रविवार को लोधा लोवंशी समाज के युवा संगठन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों और समाज के वरिष्ठजनों द्वारा भगवान लव-कुश के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस दौरान पूरा परिसर भगवान लव-कुश के जयकारों से गूंज उठा। जिला अध्यक्ष प्रमोद लोवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन समाज को नई दिशा देने और युवाओं को संगठित करने के उद्देश्य से किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य चरण में नवगठित जिला इकाई, ग्राम इकाई और नगर इकाई के पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सभी मनोनीत पदाधिकारियों को उनके दायित्वों से संबंधित नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। उपस्थित समाजजनों ने करतल ध्वनि से नए युवा नेतृत्व का स्वागत किया और उन्हें समाज हित में कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
सड़क सुरक्षा के लिए अनूठा नवाचार……
इस गरिमामयी कार्यक्रम में समाज की ओर से सड़क सुरक्षा की दृष्टि से एक सराहनीय और प्रेरणादायक नवाचार किया गया। युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रत्येक सामाजिक ग्राम के अध्यक्ष को अनिवार्य रूप से हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित थाना प्रभारी सुधाकर बरसाकर ने अपने हाथों से सभी ग्राम अध्यक्षों को हेलमेट सौंपे। इस अनूठी पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए थाना प्रभारी सुधाकर बरसाकर ने कहा कि देश में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में लाखों लोग अपनी जान गंवाते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हेलमेट पुलिस की चालानी कार्रवाई से बचने का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारे स्वयं के जीवन की सुरक्षा के लिए सबसे जरूरी कवच है। समाज द्वारा युवाओं को हेलमेट बांटकर सुरक्षा का संदेश देना समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति में मिला मार्गदर्शनइस अभियान और शपथ ग्रहण समारोह के समापन के अवसर पर लोधा लोवंशी समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, मार्गदर्शक और उपस्थित रहे। युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए पूर्व जिला अध्यक्ष अजीत, पंकज पटेल, कृष्ण कुमार पटेल, तरुण पटेल, राम शंकर साध, विष्णु लोवंशी, युवा प्रदेश सचिव क्षितिज साध, युवा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष मनीष, युवा प्रदेश प्रचार मंत्री जितेंद्र जमींदार, महामंत्री मोहित आदि ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी वरिष्ठ नेताओं ने मंच से युवाओं का मार्गदर्शन किया, उन्हें समाज सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और युवा संगठन के इस सफल आयोजन व सामाजिक सुधार के प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

