

नर्मदापुरम / ईशान परिसर स्थित द चैम्प्स फन स्कूल में आज प्ले ग्रुप से यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए अम्ब्रेला डे का रंगारंग आयोजन बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी, प्रिंसिपल डॉ. आशीष चटर्जी, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती काकोली रॉय चौहान, स्कूल कॉर्डिनेटर श्रीमती रीना मालवी, एकेडमिक कॉर्डिनेटर सुश्री स्नेहा शर्मा तथा एडमिन ऑफिसर श्रीमती विनीता जसलानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रिंसिपल डॉ. आशीष चटर्जी एवं डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात वाइस प्रिंसिपल श्रीमती काकोली रॉय चौहान ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में एलकेजी के विद्यार्थियों ने “छतरी मेरी रंग-बिरंगी” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद यूकेजी के बच्चों ने आकर्षक सोलो डांस प्रस्तुत किया तथा नर्सरी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने वर्षा ऋतु पर आधारित सुंदर कविता सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. आशीष चटर्जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए वर्षा ऋतु में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बारिश में अनावश्यक रूप से भीगने से बचने, छाता एवं रेनकोट का उपयोग करने, गंदे पानी में न खेलने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मौसम के अनुसार अपनी देखभाल करने की प्रेरणा दी। साथ ही बच्चों से संवाद करते हुए बारिश से जुड़े कई रोचक प्रश्न भी पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्री-प्राइमरी फैंसी ड्रेस रहा। इस दौरान बच्चे रेनकोट, अम्ब्रेला, रेनबो, फिश, डॉल्फिन, बटरफ्लाई, कॉर्न, पीनट तथा अन्य आकर्षक रूपों में मंच पर आए। उनकी रंग-बिरंगी वेशभूषा एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्ले ग्रुप से यूकेजी तक के सभी विद्यार्थियों ने “जुबी डुबी” गीत पर ऊर्जावान समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण आनंद और उत्साह से भर गया। इसके पश्चात सभी बच्चों एवं अतिथियों के साथ फोटो सेशन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री प्रियंका खत्री एवं सुश्री रिचा सोनी ने किया। मंच संचालन में नन्हे-मुन्ने एंकर्स ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभाई। यूकेजी से अनायशा दुबे, रॉनिश काशवानी एवं मान्विक सिंह तथा एलकेजी से नायरा खत्री, नितांशी पटेल एवं श्रेयांवी दुबे ने अपनी शानदार एंकरिंग से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती नेहा राठौर एवं सुश्री अनुश्री त्रिपाठी का विशेष योगदान रहा। अम्ब्रेला डे का यह आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीख का भी एक सुंदर अवसर बना, जिसमें उन्होंने वर्षा ऋतु से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

