
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल पचमढ़ी में 26 जुलाई को आयोजित होने वाली आठवीं पचमढ़ी मानसून मैराथन खेल, पर्यटन, रोमांच और प्रकृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगी। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिला प्रशासन नर्मदापुरम एवं एडवेंचर्स एंड यू के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतिष्ठित मैराथन सतपुड़ा की हरी-भरी वादियों, घने जंगलों, झरनों और बादलों से आच्छादित प्राकृतिक वातावरण के बीच प्रतिभागियों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगी। यह आयोजन प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म और स्पोर्ट्स टूरिज्म को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि पचमढ़ी प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर राष्ट्रीय स्तर के आयोजन किए जाते हैं। पचमढ़ी मानसून मैराथन न केवल खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्राकृतिक ट्रैक पर दौड़ने का अवसर प्रदान करती है, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सतपुड़ा की अनुपम प्राकृतिक धरोहर से भी परिचित कराती है। उन्होंने बताया कि आयोजन के सफल संचालन के लिए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, चिकित्सा सहायता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
रेस डायरेक्टर मितेश राम्भिया ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन 5, 10, 21 एवं 42 किलोमीटर की चार श्रेणियों में किया जाएगा। यह मैराथन वर्ल्ड एथलेटिक्स एवं एआईएमएस (एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेस) से प्रमाणित है, जो इसकी अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और विश्वसनीयता का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में धावक हिस्सा लेंगे। इस वर्ष मैराथन का विशेष आकर्षण यह रहेगा कि युवा प्रतिभागियों के साथ बुजुर्ग, बच्चे एवं दिव्यांग प्रतिभागी भी विभिन्न श्रेणियों में अपनी खेल भावना और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देंगे। यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि फिटनेस, समावेशिता और स्वस्थ जीवनशैली का भी प्रभावी संदेश देगा।
प्रतिभागियों को टाइमिंग चिप, टी-शर्ट, फिनिशर मेडल, प्रमाण-पत्र, रिफ्रेशमेंट तथा संपूर्ण रूट सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा। विभिन्न आयु वर्गों में पुरुष एवं महिला श्रेणी के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि पचमढ़ी मानसून मैराथन जैसे आयोजन जिले को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय होटल, होमस्टे, परिवहन, हस्तशिल्प, खानपान तथा पर्यटन आधारित अन्य व्यवसायों को भी नई गति प्रदान कर रहे हैं। मानसून के मनमोहक मौसम में आयोजित यह मैराथन पचमढ़ी की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।

