
नर्मदापुरम / शनिवार को नगरपालिका द्वारा समूचे नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वार्डों की सड़कें, गली और खाली प्लाटों से भारी मात्रा में कचरा निकाला गया। नगर में हर शनिवार यह अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सड़कों या नालियों में कचरा फैंकने वालों पर जुर्माना किया जाएगा।
स्वच्छ भारत अभियान नोडल एवं स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के विशेष निर्देश पर समूचे नगर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। वार्ड क्रमांक एक से लेकर 33 तक की गली, सड़कें और खाली प्लाटों के साथ ही नालियों की सफाई की गई। कचरे को सीधे कचरा वाहनों भरकर ट्रेचिंग ग्राउंड भिजवाया गया। नागरिकों से भी आग्रह किया गया कि अपनी गली, अपनी सड़क और अपने आस पास स्वच्छता बनाए रखें। यह अभियान प्रति शनिवार चलाया जाएगा। त्योहारी और बारिश के मौसम को देखते हुए सभी सुपरवाईजर्स को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नपाध्यक्ष श्रीमती यादव एवं सीएमओ श्री देशमुख द्वारा नगर के नागरिकों और दुकानदारों से आग्रह किया गया है कि बारिश में नगर को साफ स्वच्छ रखने में नपा का सहयोग करें। अपने घर अथवा दुकानों से निकालने वाले कचरे को यहां वहां न फैंकें। कचरा वाहन आने पर कचरा उसी में डालें।

