
नर्मदापुरम / नई दिल्ली प्रवास के दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा की।
भेंट के दौरान सांसद श्रीमती नारोलिया ने एक औपचारिक पत्र सौंपते हुए नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जिले के दूरस्थ एवं वनांचल जनजातीय क्षेत्रों, विशेषकर केसला ब्लॉक और सतपुड़ा से लगे ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या की ओर केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने बताया कि नेटवर्क के अभाव के कारण जहाँ एक ओर विद्यार्थियों की शिक्षा और डिजिटल शिक्षण प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कृषि प्रधान क्षेत्र होने के बावजूद किसानों को ई-उपार्जन प्रणाली, ऑनलाइन पंजीयन तथा डिजिटल लेन-देन (UPI) का लाभ लेने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद नारोलिया ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए केसला ब्लॉक एवं आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कराया जाए तथा नए BSNL मोबाइल टावर स्थापित कर इन क्षेत्रों को 5G सेवाओं से जोड़ने की स्वीकृति प्रदान की जाए।
चर्चा के दौरान सांसद ने देश में ‘डिजिटल कनेक्टिविटी’ के अभूतपूर्व विस्तार और पूर्वोत्तर राज्यों के कायाकल्प में केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व को अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी बताया तथा उनके सहृदयतापूर्ण मार्गदर्शन एवं आत्मीय आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।

