
नर्मदापुरम / पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सिवनी मालवा में विद्यार्थी परिषद का गरिमामय अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के हरित स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य महोदय श्री मोहनलाल राठौर ने नव-निर्वाचित विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों को बैज पहनाकर उन्हें उनके दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं ईमानदारी से करने की शपथ दिलाई।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी तथा नेतृत्व क्षमता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है तथा एक आदर्श विद्यार्थी को अपने कर्तव्यों का पालन पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नव-निर्वाचित विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका शिम्पी गुप्ता, पीजीटी, हिंदी द्वारा किया गया तथा श्रीमती अलका बाजपेई, पीजीटी, अंग्रेजी द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।

