

नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां संचालित औद्योगिक इकाइयों की गतिविधियों एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रू सोलर एनर्जी के प्लांट का भ्रमण कर कंपनी में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा उत्पादन क्षेत्र में पहुंचकर तैयार किए जा रहे सोलर फोटो वोल्टाइक मॉड्यूल्स की निर्माण प्रक्रिया को देखा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कंपनी के अधिकारियों से उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता मानकों, रोजगार सृजन तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने औद्योगिक इकाई में सुरक्षा, स्वच्छता एवं कार्य व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
इसके उपरांत कलेक्टर ने संपूर्ण मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर वहां विकसित हो रही विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की प्रगति की जानकारी मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के अधिकारियों से ली। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना विकास, निवेश एवं नई इकाइयों की स्थापना की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि नर्मदापुरम जिला प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) के क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा है।
सौर ऊर्जा आधारित उद्योगों की स्थापना से जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा नर्मदापुरम प्रदेश के प्रमुख नवकरणीय ऊर्जा हब के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन सहित एमपीआईडीसी एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

