
नर्मदापुरम / समेरिटंस स्कूल इटारसी में गत दिवस स्पिक मैके द्वारा भरतनाट्यम की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें पुणे की कलाकार वैष्णवी धोरे ने प्रस्तुति भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन, स्वागत गीत एवं मेहमानों के पुष्प गुच्छ से स्वागत से हुई। विद्यालय के बच्चों ने भगवान कृष्ण पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की।
कलाकार वैष्णवी धोरे ने बच्चों को तथा उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस शास्त्रीय नृत्य शैली की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने भरतनाट्यम का अर्थ जिसमें “भ” से भाव, “र” से राग और “त” से ताल के विषय में अपने नृत्य के माध्यम से सउदाहरण समझाया साथ ही बच्चों को मंच पर बुलाकर भरतनाट्यम नृत्य की भाव भंगिमाव को समझाया तथा सिखाया, जिसे बच्चों ने बड़े उत्साह एवं लगन से सीखा।
उन्होंने अपनी शिष्या स्वीटी ठाकुर के साथ भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति दी तथा राष्ट्रगीत वंदे मातरम को भाव के साथ नृत्य द्वारा प्रस्तुत किया जिससे उपस्थित सभी लोग भावविभोर हो गए।
विद्यालय के संगीत शिक्षक सार्थक रावत के मधुर शास्त्रीय गायन पर कलाकारा वैष्णवी धोरे द्वारा तत्काल नृत्य संयोजन कर प्रस्तुति दी गई। कलाकारा वैष्णवी धोरे द्वारा विद्यालय परिसर की प्राकृतिक ख़ूबसूरती, शांत एवं उत्कृष्ट पृष्ठभूमि को विद्याअर्चन एवं किसी भी कला को सीखने हेतु सर्वश्रेष्ठ बताया। वे विद्यालय में प्राप्त सम्मान एवं आत्मीयता से परिपूर्ण वातावरण से अभिभूत हो गई। स्पिक मेके के समन्वयक श्री सुनील बाजपेई द्वारा भारतीय कला एवं संस्कृति को प्रचारित प्रसारित एवं संवर्धन करने हेतु स्पिक मेके के द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत दीक्षित ने कहा कि भरतनाट्यम जैसी शास्त्रीय विधाओं को वैष्णवी धोरे जैसी बड़ी कलाकारों की प्रस्तुति के माध्यम से जानना एवं समझना अपने आप में जीवन की एक उपलब्धि है।
विद्यालय परिवार द्वारा भरतनाट्यम की कलाकारों वैष्णवी धोरे, स्वीटी ठाकुर तथा स्पिक मेके के समन्वयक सुनील बाजपेई को स्मृति चिन्ह एवं समेरिटंस स्कूल द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर भेट किया। कार्यक्रम में मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका प्रियंका पटेल द्वारा किया गया।

