
सिवनी मालवा / किशोर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य कल्याण हेतु शासकीय उमा विद्यालय, मालापाट में उमंग सत्र तथा स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन हुआ। वक्ता के रूप में सिविल हास्पिटल में पदस्थ आरबीएसके की चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रियंका मसराम तथा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई शामिल हुए। विद्यार्थियों को किशोर अवस्था एवं इसमें होने वाले परिवर्तनों की जानकारी देते हुए पोषण आहार, एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य, नशामुक्ति, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, चोट हिंसा एवं लिंग आधारित हिंसा, अ-संचारी रोग, सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर विस्तार से समझाया। किशोरों के लिए वर्णित जीवन कौशल को अपनाकर सही दिशा में कार्य करने, व्यक्तित्व का विकास करने, योग प्राणायाम करने एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही उमंग हेल्पलाइन, टेली मानस हेल्पलाइन, मनहित एप, जस्ट आस्क चैटबाट की महत्ता बताकर इनके प्रयोग संबंधी जानकारी दी।
डॉ प्रियंका मसराम ने सीएचओ सबा सिद्दीकी एवं आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने व्यक्तिगत परामर्श प्रदान किया।
विद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिवानी अमैय्या ने स्वास्थ्य कार्यशाला को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु महत्वपूर्ण बताकर स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय परिसर में दो कदम के पौधे रोपित किए। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता का महत्व समझाया।
इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक , शिक्षिका उपस्थित रहें।

