

नर्मदापुरम / शहर की होनहार बेटी कु. हिमागिनी मिश्रा ने विश्व के सर्वाधिक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज, लंदन से मास्टर ऑफ लॉज़ (एल.एल.एम.) की उपाधि सफलतापूर्वक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि नर्मदापुरम, मध्यप्रदेश और देश का भी गौरव बढ़ाया है।
कु. हिमागिनी मिश्रा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरबाइट कॉन्वेंट स्कूल नर्मदापुरम से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, गांधीनगर से विधि स्नातक (बी.ए. एलएल.बी. (ऑनर्स)) की शिक्षा स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) के साथ पूर्ण की। अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता की इसी निरंतर यात्रा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अब कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से एल.एल.एम. की प्रतिष्ठित उपाधि अर्जित की है।
उल्लेखनीय है कि कु. हिमागिनी मिश्रा मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एम.पी.सी.ए.) की प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य अनुराग मिश्रा की सुपुत्री हैं।
हिमागिनी की यह उपलब्धि उनके अथक परिश्रम, अटूट समर्पण, अनुशासन, दृढ़ संकल्प तथा आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करते हुए अपने परिवार एवं नगर का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर परिवारजनों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक तथा खेल जगत से जुड़े लोगों ने कु. हिमागिनी मिश्रा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। हिमागिनी मिश्रा निरंतर सफलता के नए आयाम स्थापित करें, समाज एवं राष्ट्र की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें तथा अपने ज्ञान, प्रतिभा और व्यक्तित्व से देश का नाम विश्व पटल पर और अधिक गौरवान्वित करें।

