
नर्मदापुरम / अखिल भारतीय कायस्थ महासभा का भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन हाल ही में जबलपुर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों सहित देश-प्रदेश भर से आमंत्रित सदस्यों का स्वागत किया गया। इस दौरान समाज हित और संगठन को मजबूती देने में विशेष योगदान देने के लिए नर्मदापुरम जिले की टीम को मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नर्मदापुरम टीम का गौरवशाली अभिनंदन किया गया। अधिवेशन के दौरान नर्मदापुरम मातृ शक्ति अध्यक्ष ज्योति अभय वर्मा और जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची पूरी टीम को उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रमुख सदस्यों में श्रीमती ज्योति अभय वर्मा मातृ शक्ति अध्यक्ष, राजेंद्र श्रीवास्तव जिला अध्यक्ष व प्रखर समाजसेवी श्रीमती मंजू वर्मा, श्रीमती प्रीती खरे, श्रीमती रितु श्रीवास्तव, सुनील राय, अभय वर्मा एवं अन्य सहयोगी सदस्य शामिल रहे। इसके साथ प्रदेश अध्यक्ष चमन श्रीवास्तव, प्रदेश महामंत्री सुनील श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, महिला जिला अध्यक्ष शिखा श्रीवास्तव, युवा जिला अध्यक्ष विवेक खरे सहित अन्य समाजजन शामिल हुए।
संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार……
जिला अध्यक्ष एवं प्रखर समाजसेवी राजेंद्र श्रीवास्तव ने जबलपुर इकाई की सराहना की। उन्होंने कहा अधिवेशन की कार्यकारिणी बैठक में जिन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन हुआ है। वे सामाजिक उत्थान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम हैं। आज हमारा संगठन केवल राज्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पटल पर एक अनुशासित और एकजुट समाज के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। समाज संगठित रहेगा, तभी देश भी संगठित और सशक्त बनेगा। जबलपुर इकाई द्वारा जनहित में उठाए गए यह मुद्दे अनुकरणीय हैं। राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और नर्मदापुरम टीम के सम्मान पर संपूर्ण जिला कार्यकारिणी ने हर्ष व्यक्त किया है।

