
नर्मदापुरम / पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के संकल्प के साथ नगर परिषद बनखेड़ी में नवांकुर अभियान के अंतर्गत सीड बॉल वृक्षारोपण महाअभियान का आयोजन किया गया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में नगर के विभिन्न स्थानों पर लगभग 2800 से 3000 सीड बॉल डाली गईं।
अभियान के लिए पिछले 2 माह से बीज बैंक के माध्यम से आम, जामुन, नीम और कटहल जैसे फलदार व छायादार पौधों के बीज एकत्रित किए गए थे। इन बीजों से तैयार सीड बॉल को नगर के उपयुक्त स्थानों पर डाला गया। बारिश के मौसम में इनसे प्राकृतिक रूप से नए पौधे विकसित होने की उम्मीद है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत श्रीवास्तव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह पहल की गई है। सीड बॉल तकनीक से कम संसाधनों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण संभव हो पाता है।
नगर परिषद अध्यक्ष हरीश मालानी ने इस दौरान नागरिकों से अपील की कि वे भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद “एक बीज – एक पौधा – एक हरित भविष्य” के संकल्प के साथ हरित बनखेड़ी बनाने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ नगर परिषद के समस्त कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सीड बॉल डालकर अभियान को सफल बनाया। परिषद का मानना है कि सीड बॉल के माध्यम से आने वाले वर्षों में बनखेड़ी में हरियाली का दायरा बढ़ेगा और पर्यावरण को मजबूती मिलेगी।

