
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नर्मदापुरम हिमांशु जैन के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAAR ID) एवं छात्रवृत्ति संबंधी आधार विषमताओं के निराकरण हेतु पीएम श्री शहीद इंदरगिरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर में संकुल स्तरीय आधार अपडेट शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के आधार में नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरणों का अद्यतन कर शैक्षणिक अभिलेखों को त्रुटिरहित बनाना था, जिससे अपार आईडी निर्माण, छात्रवृत्ति तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को समय पर प्राप्त हो सके। शिविर में रामपुर, बिलखेड़ी, गुर्रा, दमदम, सिराली, केसला खुर्द एवं चिल्लाई सहित आसपास के ग्रामों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को स्थानीय स्तर पर ही आधार अद्यतन की सुविधा उपलब्ध हुई, जिससे उन्हें दूरस्थ केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
शिविर के सफल संचालन एवं समन्वय में डॉ. गणेश पटेल तथा बीआरसी, विकासखंड नर्मदापुरम, श्रीमती सपना गोलानी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।
शिविर की व्यवस्थाओं में राकेश गुप्ता, प्रिंस भंडारी, आशीष नामदेव, कपिल गिरी गोस्वामी, विजेंद्र नामदेव एवं राजकुमार धुर्वे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों से शिविर का संचालन सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

