
नर्मदापुरम / भगवान जगन्नाथ की बाहुड़ा यानी वापसी की यात्रा 24 जुलाई को होगी। इस दिन भगवान प्रातः 10 बजे गुंडीचा भवन स्वयंवरम गार्डन से अखंड मंडलेश्वर धाम डोंगरवाडा के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा का मार्ग चक्कर रोड, विश्वकर्मा मंदिर, पीपल चौक मालाखेड़ी, कलेक्टर बंगला, कमिश्नर बंगला, हैप्पी मैरिज गार्डन के सामने वाले मार्ग से पोस्ट ऑफिस, कोठीबाजार, विवेकानंद घाट, बीएसएनएल चौराहा, सर्किट हाउस चौक पानी की टंकी के सामने से एनएमबी कॉलेज, भोपाल चौराहा, भोपाल रोड, परमशी गार्डन होते हुए डोंगरवाड़ा पहुंचेगी। सभी भक्तों से यात्रा में शामिल होने की अपील समिति सदस्यों ने की है।
भगवान के घर न देर है न अंधेर – पं. प्रमोद शर्मा…..
गुंडीचा भवन में नियमित कार्यक्रमों के दौरान गुरुवार को प्रवचन श्रृंखला में पं. प्रमोद शर्मा ने कहा कि भगवान के घर न तो कभी देर है और न ही अंधेर। भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। भक्त की पुकार सुनकर प्रभु बिना एक क्षण गंवाए तुरंत दौड़े आते हैं। बस हमारी भक्ति और प्रेम में समर्पण होना चाहिए। उन्होंने द्रोपदी वस्त्र हरण, गज के उद्धार और भक्त प्रह्लाद की कथा प्रसंगों के माध्यम से इस तथ्य को प्रमाणित किया।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के दौरान आज समेरिटन्स विद्यालय की इटारसी और माखन नगर शाखा के बच्चों और शिक्षकों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आज भगवान के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

