

नर्मदापुरम / देश की आन, बान और शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के अंगीकरण दिवस पर बुधवार को विश्व प्रसिद्ध सेठानी घाट पर नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 100 फीट लंबे तिरंगे को युवा और स्कूली बच्चों ने अपने हाथों में थामकर पूरे उत्साह और गर्व के साथ तिरंगे को नमन किया। देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के उद्घोष से सेठानी घाट राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और स्कूली बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया गया। कार्यक्रम से जुड़े नर्मदापुर युवा मंडल सदस्य मनीष परदेशी ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज के अंगीकरण दिवस को विशेष रूप से मनाने की यह अनूठी परंपरा पिछले 14 वर्षों से निरंतर निभाई जा रही है। इस वर्ष आयोजन का 15वां वर्ष रहा। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के गौरव, स्वाभिमान, एकता और बलिदान का प्रतीक है। युवा मंडल का उद्देश्य हर वर्ष इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने कहा कि आज के दौर में युवाओं और बच्चों को अपने राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व से जोड़ना समय की आवश्यकता है। तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
नपाध्यक्ष नीतू यादव ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज के अंगीकरण दिवस पर इस प्रकार का आयोजन समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। इस अवसर पर नर्मदापुर युवा मंडल के रुपेश राजपूत, नंदकिशोर यादव, दीपक हेमनानी, अनिल दुबे, के एन त्रिपाठी, सुंदरम अग्रवाल, हरि शर्मा, श्रीराम सगर, कमल चव्हाण, राजेश रैकबार, संतोष मीना, पंकज साहू, राजेश बड़कुर, मोनू ठाकुर, ऋषभ शुक्ला, स्वाति गौर, प्रीति साहू, आशीष वर्मा, हरीश मांझी, हरि सेवरिया, रामजीवन बकोरिया, जसवीर सिंह, सौरभ मेहरा, दीपक केवट, प्रवेश सोनी, अखिलेश निगम, समीर सवालाख, राजू आसरे, रोहित शर्मा, तरुण देव सहित समेरिटेंस स्कूल के बच्चें और शिक्षक, शहरवासी उपस्थित रहे।

